गिरिडीह जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र स्थित पलकिया गांव में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। अधीक्षक उत्पाद, EIB झारखंड के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। धनबाद, गिरिडीह और बोकारो की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक चली कार्रवाई में फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन के अनुसार टीम ने मौके से भारी मात्रा में शराब और निर्माण सामग्री जब्त की। बरामद सामान में ब्रांडेड व्हिस्की की 27 बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा 1280 लीटर स्पिरिट, 5 लीटर केरामेल, 2000 नकली स्टिकर्स, 20 हजार कॉर्क ढक्कन और 150 लीटर तैयार अवैध शराब भी जब्त की गई। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री संचालक और श्रमिक मौके से फरार हो गए। बिजय मंडल, मनोज रजक, दीपक सोरेन, सुभाष मंडल, मुचू हंसदा और मुरु टूडु को इस मामले में आरोपी बनाया गया है।


