गिरिडीह में एक करोड़ की चोरी की चांदी जब्त:धनवार से एक तस्कर कार समेत गिरफ्तार, जेवरात को बाजार में खपाने की थी तैयारी

गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में धनवार थाना क्षेत्र से लगभग एक करोड़ रुपए मूल्य की चोरी की चांदी जब्त की है। इस मामले में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक कार भी बरामद हुई है। एसपी डॉ. बिमल कुमार को 18 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि धनवार थाना क्षेत्र में एक गिरोह चोरी के चांदी के जेवरात को बाजार में खपाने की कोशिश कर रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने धनवार थाना क्षेत्र में एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान, एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम हजरत अंसारी (लगभग 25 वर्ष), पिता दिल मोहम्मद मियां, ग्राम मनगसो, थाना धनवार (परसन ओपी), जिला गिरिडीह बताया। चांदी के पिघले हुए 6 सिल्ली पाए गए वाहन की गहन तलाशी के दौरान, सीट के पास से एक सफेद प्लास्टिक का थैला और एक अन्य बैग बरामद किया गया। प्लास्टिक के थैले में चांदी के पिघले हुए 6 सिल्ली पाए गए, जिनका कुल वजन 32 किलो 457 ग्राम था। दूसरे बैग से भारी मात्रा में तैयार चांदी के जेवरात मिले। पुलिस ने मौके पर ही सभी सामानों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद चांदी के जेवरात में 42 जोड़े चांदी के पायल, 13 चांदी की चेन, 6 चांदी के ब्रेसलेट, 12 चांदी के पान पत्ते, 3 जोड़े चांदी के कड़े और 44 जोड़े चांदी की बिछिया शामिल हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद सभी चांदी का कुल वजन लगभग 35.351 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी की बरामदगी से क्षेत्र में सक्रिय चोरी और तस्करी गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना एसपी डॉ. बिमल कुमार का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि चांदी की चोरी कहां-कहां से की गई थी तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन-कौन हैं। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है। इस संबंध में धनवार थाना में कांड संख्या 11/2026, दिनांक 18.01.2026 को धारा 317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *