गिरिडीह में कमल ज्वेलर्स शॉप में चोरों ने बीती रात चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने शटर काटकर दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात के अलावे नगदी समेत बीस लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह मेन रोड में हुई। दुकान संचालक मनोज स्वर्णकार ने बताया कि रात में वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा की शटर और ताला टूटा हुआ था। जब दुकान के अंदर जाकर देखा तो पाया कि सारा सामान बिखरा हुआ था। सोने-चांदी के जेवरात के अलावे डेढ़ लाख नगदी और कीमती स्टोन समेत करीब बीस लाख से अधिक की संपत्ति गायब थी। उन्होंने फौरन घटना की सूचना पुलिस को दी।


