रांची | राजधानी को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर निजी कंपनी का चयन किया। स्वच्छता कॉरपोरेशन नामक कंपनी को शहर के 14 वार्डों में सफाई की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन 1 फरवरी से शहर के सभी 53 वार्डों में सफाई का काम कंपनी को देने की तैयारी चल रही है। निगम ने कंपनी के पदाधिकारियों से कहा है कि इस एक महीने के दौरान आवश्यक मैन पावर व वाहनों की संख्या बढ़ा लें, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को मॉडल बनाया जा सके। इधर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कंपनी द्वारा पुराने वाहनों को दुरुस्त कराया जा रहा है । वहीं कई नए इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की भी तैयारी की जा रही है। शहर में स्थित करीब 2.25 लाख घरों से कूड़े का उठाव करने और उसकी मॉनिटरिंग के लिए कंपनी द्वारा आरएफआईडी चिप की भी लगाया जा रहा है। इस चिप की लगने से एक क्लिक में पता चल पाएगा कि किस घर से कूड़े का उठाव हुआ और किस घर से कूड़े का उठाव नहीं हुआ।


