गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के भोजपुरो गांव में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। घायलों को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के संबंध में माला देवी ने देवरी थाना में राजेश यादव सहित आठ अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। वहीं, दूसरे पक्ष से राजेश यादव ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह मारपीट जमीन विवाद के कारण हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त किया है। पुलिस आवेदनों के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।


