कोडरमा थाना क्षेत्र में रांची-पटना रोड पर हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम एनएच-20 स्थित होली फैमिली हॉस्पिटल के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक कोडरमा से झुमरीतिलैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक पर सवार दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे युवक ने पहन रखा था हेलमेट बाइक चला रहा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, उसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। ट्रक चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। घटना के कुछ ही देर बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने घायल युवक को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सतगांवां थाना क्षेत्र के सरवहना निवासी प्रवीण कुमार (पिता रामलखन यादव) और अरविंद कुमार (पिता बद्रीनाथ यादव) के रूप में हुई है। कोडरमा पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।


