गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत:टोटो पर सवार छह लोग हुए गंभीर, सभी एक ही परिवार के, घर लौटते वक्त एक्सिडेंट

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत झलकडीहा गांव के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और टोटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान बेंगाबाद डाकबंगला निवासी 30 वर्षीय रोहित कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। वह कुलदीप पोद्दार के पुत्र थे। घर लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल में मृत घोषित जानकारी के अनुसार रोहित कुमार पोद्दार शनिवार रात बेंगाबाद से अपने घर डाकबंगला लौट रहे थे। झलकडीहा गांव के पास सामने से आ रहे एक टोटो से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक पर रोहित के साथ नेपाल पंडित भी सवार थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। नेपाल पंडित ने ही घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। टोटो पर थे एक ही परिवार के छह लोग इस हादसे में टोटो पर सवार छह लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में धनबाद निवासी संजय कुमार, उनकी पत्नी उमा देवी, पुत्री मानवी कुमारी, सास काली देवी, लक्ष्मी कुमारी और निशा कुमारी शामिल हैं। बताया गया कि संजय कुमार धनबाद से अपने ससुराल सोनबाद आए हुए थे। शनिवार को वे परिवार के साथ टोटो से जगदीशपुर स्थित रिश्तेदार के यहां गए थे और लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद टोटो अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बचा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद झलकडीहा समेत आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *