गिरिडीह में युवक पर धारदार हथियार से हमला:दो लोगों की लड़ाई देख रहा था प्रिंस, गले का नस कटा, बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर

गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित पिपराधोड़ा गांव में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इस घटना में 26 वर्षीय युवक प्रिंस राज गंभीर रूप से घायल हो गया है। हमले में उसके गले की नस कट गई, जिसके बाद उसे गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया। दो लोगों की लड़ाई देख रहा था युवक घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। घायल युवक की मां ने बताया कि प्रिंस गांव में दो लोगों के बीच हो रहे झगड़े को चुपचाप खड़ा होकर देख रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसके गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे का झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था। वह केवल मूक दर्शक बनकर खड़ा था। मां का आरोप है कि हमलावर ने पुरानी रंजिश के कारण सुनियोजित तरीके से उनके बेटे पर हमला किया। पंचायती के दौरान बढ़ा था विवाद मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि गांव में किसी मुद्दे को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच विवाद बढ़ गया। झगड़े के दौरान ही अचानक युवक पर हमला कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी की जा रही है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। शांत स्वभाव का था घायल युवक गांव के लोगों के अनुसार घायल युवक शांत स्वभाव का था और किसी भी विवाद में शामिल नहीं रहता था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *