भास्कर न्यूज|गिरिडीह जिले में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन चढ़ते ही धूप के कारण गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम शुष्क बना हुआ है और तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन सर्किल का आंशिक प्रभाव क्षेत्र के मौसम पर पड़ा है। हालांकि, जिले में 11 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन का अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज हवाओं के कारण सुबह और देर रात ठंड का अहसास बना रहेगा। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण वहां से आने वाली हवाओं में ठंड के बजाय नमी अधिक है। इसी वजह से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है, तो कहीं-कहीं बादल छाए हुए हैं। शुष्क और दोहरे मौसम में फसलों की नियमित निगरानी जरूरी : मधुकर मौसम सह कृषि वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि इस तरह के शुष्क और दोहरे मौसम में फसलों की नियमित निगरानी जरूरी है। गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों में इस समय सिंचाई संतुलित मात्रा में करनी चाहिए। खेतों में नमी बनाए रखना जरूरी है। मौसम साफ रहने से कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है, ऐसे में किसान समय पर फसल की जांच करें और आवश्यकता होने पर वैज्ञानिक सलाह के अनुसार दवा का छिड़काव करें। सेहत को लेकर सतर्क रहने की जरूरत : डॉ. कुलदीप डॉ. कुलदीप नारायण का कहना है कि बदलते मौसम में सेहत को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। सुबह और रात की ठंड तथा दिन की गर्मी के कारण सर्दी-खांसी, बुखार और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।


