भास्कर न्यूज | अंबिकापुर स्टॉक मार्केट से जुड़े एक कारोबारी के साथ मोबाइल फोन की प्री-बुकिंग के नाम पर 16 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अर्पित अग्रवाल का आरोप है कि कान्हा मोबाइल के संचालक आयुष अग्रवाल आैर एक कारोबारी आयुष सिंह राजपूत ने उसे धोखा देकर 16 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने बताया कि अप्रैल 2024 में अर्पित की पहचान आदित्य से हुई, जो रियल एस्टेट का काम करता है। दोनों के बीच निवेश को लेकर आपसी साझेदारी बनी। अक्टूबर 2025 में आदित्य ने अर्पिंत की मुलाकात आयुष सिंह राजपूत से कराई, जिसने खुद को बड़े कारोबार से जुड़ा होना बताया। इसी विश्वास के आधार पर आयुष ने वीवो कंपनी के फ्लैगशिप मोबाइल फोन पर भारी छूट का झांसा दिया। इसके बाद 12 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 के बीच अर्पित के क्रेडिट कार्ड से कई बार कान्हा मोबाइल के खाते में ट्रांजेक्शन कराए गए। कुल मिलाकर 16 लाख का भुगतान किया गया। फोन की डिलीवरी जनवरी के पहले सप्ताह में देने का वादा किया था, लेकिन बाद में डिलीवरी रद्द होने और रिफंड की बात कही। पीड़ित जब स्वयं कान्हा मोबाइल के संचालक आयुष अग्रवाल से मिला, तो उसे बताया गया कि सभी ट्रांजेक्शन फोन खरीदी के नहीं, बल्कि कैश निकालने के थे और पूरी राशि आयुष को दे दी थी, जिसकी सीसी रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। अर्पित को पैसे नहीं मिले। इसके बाद उसने पुलिस में रिपोर्ट की।


