गिरीडीह जिले में अवैध कोयला कारोबार पर सीसीएल ने बड़ी कार्रवाई की है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में सीसीएल ने कोयला लदी 9 बाइक जब्त की है। सीसीएल परियोजना पदाधिकारी जीएस मीना के नेतृत्व में सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कोयला तस्कर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। सभी जब्त बाइक को मुफ्फसिल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करेगी। क्षेत्र में कोयला तस्कर बड़े पैमाने पर दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। वे बाइक पर कई क्विंटल कोयला लादकर लंबी दूरी तक ले जाते हैं। मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त बाइक थाने में रखी गई है। सीसीएल की ओर से अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन मिला है। तस्कर इस कोयले को अवैध ईंट भट्टों और होटलों में बेचते हैं।


