भास्कर न्यूज | कोंडागांव ग्राम पंचायत गिरोला में नव चेतना विस्तार नव कुंडीय गायत्री महायज्ञ व भव्य संस्कार महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में यह पावन धर्मानुष्ठान 17 से 19 जनवरी तक संपन्न होगा, जिसमें जिले भर के आस्थावान श्रद्धालुगण व प्रज्ञा परिजन पधारेंगे। इस आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है समस्त ग्रामवासी यज्ञशाला निर्माण, भोजनालय निर्माण, महायज्ञ की झांकी एवं प्रदर्शनी बनाने में जुटे हुए हैं। गायत्री महायज्ञ के पहले दिन भव्य शोभायात्रा के पश्चात संध्याकालीन सुप्रसिद्ध मानस मर्मज्ञ खैरझीटी महासमुंद की मानस मंडली नंदकुमार साहू की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम को संबोधित करने केंद्रीय प्रतिनिधि ओम प्रकाश राठौर, नशा मुक्त समाज कैसे बनाएं विषय पर शंभूनाथ चांदेकर, गुरुकुल परंपरा पर मार्गदर्शन प्रदान करने आरएस पिल्लई, भारत का भविष्य युवा विषय पर संबोधित करने जितेंद्र सोरी, गुरु गायत्री गीता का भारतीय संस्कृति में महत्व पर उद्बोधन देने महाप्राण व ज्ञानयज्ञ समिति के संचालक कंवल सिंह पांडेय, स्थाई संचालन के लिए बाल सिंह पुरोहित की टोली व विशिष्ट विभूतियों का इस महायज्ञ में आगमन होगा। समस्त ग्रामवासी एवं निकटवर्ती गांव में अक्षत पुष्प देकर के घर-घर में प्रज्ञा परिजनों द्वारा निमंत्रण दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस पावन महायज्ञ के आयोजन का दीवान परिवार गिरोला द्वारा संकल्प लिया गया है यह भव्य आयोजन केवल राम दीवान के निवास गृह में संपन्न होगा। शक्ति कलश के माध्यम से कोंडागांव ब्लाक में जन-जन तक निमंत्रण पहुंचाने भावभरा आमंत्रण देने ज्ञानरथ निकाला गया है।


