जिले में वेयरहाउस घोटालों की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई गीदम से सामने आई है। गीदम वेयरहाउस में सड़े चावल के मामले में बड़ा फैसला लेते हुए शासन ने करीब 33 हजार क्विंटल सड़ा चावल मिलरों को वापस करने का आदेश दिया है। यह चावल 65 हजार 857 बोरों में भरा हुआ है, जिसकी बाजार कीमत करीब 18 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। दर्जनभर से ज्यादा मिलरों का चावल पूरी तरह खराब पाया गया है। राज्य स्तरीय टीम द्वारा लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। यह दंतेवाड़ा जिले का लगभग एक महीने का पूरा स्टॉक था। अब फरवरी महीने के लिए जिले में बाहर से चावल मंगाया जाएगा, क्योंकि दंतेवाड़ा के मिलरों ने अभी तक नया चावल जमा नहीं किया है। जिस गोदाम में चावल खराब हुआ है, वहां फिलहाल नया स्टॉक नहीं रखा जाएगा। शासन के आदेश के मुताबिक वेयरहाउस मिलरों को खराब चावल किस्तों में लौटाएगा। हर लाट के बदले मिलर को उतनी ही मात्रा में अच्छी गुणवत्ता का चावल वापस जमा करना होगा। चावल वापस नहीं करने वाले मिलरों पर मिल सील करने से लेकर एफआईआर तक की कार्रवाई हो सकती है। साफ है कि अब मिलरों की जवाबदेही तय की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में क्वालिटी इंस्पेक्टर इराद टोप्पो की भूमिका सबसे संदिग्ध है। बताया जा रहा है कि चावल पहले से ही घटिया था, इसके बावजूद उसे सही बताकर गोदाम में भंडारण कराया गया। इससे शासन को करोड़ों का नुकसान हुआ। गीदम वेयरहाउस में चावल खराब होने की जानकारी अधिकारियों को 26 दिसंबर को ही मिल गई थी, लेकिन आरोप है कि नान के अधिकारी मामले को दबाने में जुट गए। इसके बाद दैनिक भास्कर ने 1 जनवरी को खुलासा किया, जिससे हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि गोदाम में रखे 18 स्टैक का पूरा चावल सड़ चुका है। नान ने इसे खाने योग्य बताने के लिए 4 हजार क्विंटल चावल की सफाई भी करवाई, लेकिन गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ। भास्कर की लगातार खबरों के बाद पहली कार्रवाई करते हुए क्वालिटी इंस्पेक्टर, वेयरहाउस प्रभारी समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया। अब अगला कदम चावल वापसी का है। राज्य के आला अधिकारी ने गोदाम पहुंच जांच की गुरुवार को नान, खाद्य विभाग और वेयरहाउस के राज्य स्तरीय अधिकारी गीदम पहुंचे और तीन गोदामों की जांच की। इसी दौरान मिलरों को चावल वापस करने का आदेश भी जारी किया गया। जिला खाद्य अधिकारी कीर्ति कौशिक ने बताया कि राज्य से चांवल वापसी का आदेश आ गया है।


