गुजरात के भावनगर में बुधवार सुबह कालनाला क्षेत्र स्थित एक कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई। बेसमेंट में शुरू हुई आग देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। कॉम्प्लेक्स में 3-4 अस्पताल होने के कारण धुआं तेजी से अंदर भर गया और अफरा-तफरी मच गई। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। नाइस चिल्ड्रन हॉस्पिटल में पहली मंजिल की खिड़कियां तोड़कर सीढ़ी लगाई गई और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फायर टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। प्रशासन के मुताबिक घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। इमारत से धुआं फैलने के कारण मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। 19-20 लोगों का रेस्क्यू किया गया फायर अधिकारी प्रद्युम्नसिंह के मुताबिक अब तक 19–20 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया है। आग बुझाने के काम में 5 फायर फाइटर और 50 से ज्यादा कर्मचारी लगे थे। निगम कमिश्नर बोले- फ्लोर पर जमा कचरे में आग लगी थी नगर निगम कमिश्नर एन.वी. मीना ने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर जमा कचरे में लगी थी, जिसका धुआं अस्पतालों में पहुंच गया। फिलहाल आग के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।


