गुटखा फैक्ट्री पर जीएसटी और खाद्य विभाग का छापा:दुर्ग में ऑयल फैक्ट्री बनाने के नाम पर लिया एनओसी, भारी मात्रा में सामग्री जब्त,फैक्ट्री सील

दुर्ग जिले में एक गुटखा फैक्ट्री पर जीएसटी विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापा मारा है। टीम को फैक्ट्री से गुटखा बनाने की सामग्री मिले हैं। फैक्ट्री में अवैध तरीके से गुटखा बनाया जा रहा था। टीम ने फैक्ट्री को सील कर संचालक को 28 जून तक उपस्थित होने का समय दिया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला दुर्ग जिले के गनियारी गांव का है। यहां जीएसटी की टीम ने गुरुवार गुटखा फैक्ट्री में दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वहां भारी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड के गुटखे का निर्माण हो रहा था। जीएसटी विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद जिले की खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग भी सक्रिय हुआ और कुछ घंटों बाद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। टीम के पहुंचते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर भागे जीएसटी और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम के पहुंचने पर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी और मजदूर काम छोड़कर भाग गए। फैक्ट्री के संचालक गुरुमुख जुमनानी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल दोनों विभाग टैक्स चोरी और अवैध गुटखा उत्पादन की जांच कर रहे हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी नारद कोमरे ने बताया कि कार्रवाई पूरी करने के लिए वे रात 9 बजे तक फैक्ट्री संचालक का इंतजार करते रहे। उनके नहीं आने पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया और उन्हें 28 जून तक उपस्थित होने का समय दिया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऑयल कंपनी के नाम पर एनओसी लेकर बना रहा था गुटाखा जीएसटी विभाग की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ग्राम पंचायत गनियारी की सरपंच संतोषी साहू के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री पहुंचे। सरपंच संतोषी साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत ने पहले ऑयल बनाने के नाम पर इस फैक्ट्री को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया था। लेकिन, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि यहां अवैध रूप से गुटखा बनाया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने अवैध गुटखा निर्माण का विरोध किया। कोनारी गांव की फैक्ट्री में भी खाद्य विभाग ने मारा था छापा बतादें कि लगभग 25 दिन पहले, दुर्ग के कोनारी गांव में स्थित एक अन्य फैक्ट्री में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने लगातार तीन बार छापेमारी की थी। उस कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ करोड़ रुपए की गुटखा बनाने की सामग्री, जिसमें सुपारी, मेन्थॉल और अन्य सामग्रियां शामिल जब्त की गई थी। गनियारी गांव में हुई इस कार्रवाई से खुलासा हुआ कि कोनारी और गनियारी, दोनों जगहों पर संचालित फैक्ट्रियों का मालिक गुरुमुख जुमनानी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *