43 लाख की चोरी का नहीं हो सका खुलासा:मौके से पुलिस ने टेबलेट किया जब्त,रायगढ़ में सोने के बिस्किट समेत कैश हुआ था पार

रायगढ़ जिले के​​​ अतिथि बुटिक भवन कोतरा में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी अनूप अग्रवाल के घर हुई 43 लाख से अधिक की चोरी के मामले में अपराध दर्ज होने के दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से कुछ जरूरी सामान और दवाएं जब्त किया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, घटना वाली रात अनूप अग्रवाल के बेटे आदित्य अग्रवाल और उसके दोस्त धीरज ने घर में पिज्जा और कोल्ड ड्रिंक खाया-पिया था। अगली सुबह घर में बड़ी चोरी हो चुकी थी और आदित्य की तबीयत भी बिगड़ गई थी। पुलिस को शक है कि चोरी से पहले कुछ साजिश रची गई थी। नींद की टेबलेट का संदेह, पुलिस ने पत्ता जब्त किया जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक दवाइयों का पत्ता मिला है, जिसमें से दो गोलियां गायब थी। आशंका जताई जा रही है कि यह नींद की गोली हो सकती है, जिसका इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया हो। इसे भी जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। अलग-अलग टीम कर रही जांच पुलिस ने इस चोरी की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जिसमें कोतवाली थाना स्टाफ के साथ साइबर सेल की टीम भी शामिल है। पुलिस घर से जब्त सामानों और मौके की परिस्थितियों के आधार पर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि, जांच की वजह से इसमें पुलिस बहुत कुछ कहने से बच रही है। डीएसपी बोले – जल्द होगी गिरफ्तारी डीएसपी सुशान्तो बनर्जी ने बताया कि मौके से जब्त टेबलेट और अन्य सामान जब्त किए गए हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। लेकिन अभी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ लेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *