गुड टच–बैड टच पर बच्चों को किया जागरुक, स्वच्छता रखने व जंक फूड से परहेज का संदेश

बच्चों में स्वच्छता, साफ-सफाई, संतुलित आहार एवं व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान द्वारा एक निजी स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश जांगिड़ ने बच्चों को जंक फूड के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और पौष्टिक व संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक जंक फूड सेवन से मोटापा, पाचन संबंधी समस्याएं एवं अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ते हैं, जबकि घर का ताजा व पोषक भोजन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश भाटी ने स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए गुड टच–बैड टच विषय पर बच्चों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बच्चों को सजग रहने, किसी भी असहज स्थिति में माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत बताने की सलाह दी तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्राचार्य शिखा सूद ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने, जंक फूड से दूरी बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही एकाग्रता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य व पोषण विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *