गुनगा के पिपलिया कदीम का मामला:ससुराल में दालान में सो रहे किसान का गला रेता, मौत

गुनगा के ग्राम पिपलिया कदीम में बुधवार की रात अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदातों को उस समय अंजाम दिया गया, जब मृतक खेत में बने घर की दालान में सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी और सास कमरे में सो रही थीं। मृतक ससुराल में ही रह रहा था। गुरुवार को पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी का सुराग लगाने में जुटी है। पुलिस हत्या के पीछे वजह पारिवारिक विवाद मानकर चल रही है। गुनगा पुलिस के मुताबिक मूलत: लालझिरी सुठालिया (राजगढ़) निवासी 55 वर्षीय बापूलाल लोधी की ससुराल ग्राम पिपलिया कदीम में है। खेत में दो कमरों का घर बना हुआ है। वह उसी घर में परिवार के साथ रह रहा था। साथ में सास भी रहती है। वह ससुराल की करीब ढाई एकड़ जमीन पर खेती किसानी करता था। अपनी चार बेटियों और एक बेटे की शादी कर चुका था। बेटा दुष्कर्म के मामले में पिछले सात महीने से विदिशा जेल में बंद है। पति से विवाद के कारण एक बेटी इन दिनों साथ में रह रही है। पुलिस को आशंका…पारिवारिक विवाद में हत्या बापूलाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9 बजे खाना खाया था। वह अपनी मां और बेटी के साथ कमरे में सो रही थीं। बाहर खुली दालान में बापूलाल सो रहे थे। घर में दामाद भी था। रात करीब 11 बजे उसे बाहर बिल्लियों के लड़ने की आवाज आई। दरवाजा खोलकर बाहर कमरे से देखा तो पति बापूलाल जमीन पर लहूलुहान पड़े थे। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जांच में सामने आया है कि बापूलाल चाहता था कि बेटी पति के साथ जाकर रहे, लेकिन बेटी पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि आशंका है कि हत्या पारिवारिक विवाद में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *