जिले के चांचौड़ा इलाके में एक नाबालिग की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने गांव के ही दूसरे समाज के परिवार पर हमला कर दिया। नाबालिग को एक युवक द्वारा बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप था। उधर नाबालिग की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई थी। बुधवार को कलेक्टर और SP गांव में पहुंचे। विवाद के डर से परिवार घर से निकला
मिली जानकारी के अनुसार मामला जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंगनपुरा का है। इस गांव में गुर्जर और जाटव समाज के लोग रहते हैं। जाटव समाज के यहां केवल चार घर हैं। मंगलवार रात यहां एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इससे डर कर पूरा परिवार रात के अंधेरे में ही महिलाओं और मासूम बच्चों को लेकर जिला मुख्यालय भाग आया। परिवार ने ठंड के बीच पूरी रात पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर फुटपाथ पर बिताई। लड़की के गायब होने पर किया हमला
जिला मुख्यालय पर रात को परिवार की महिला विद्याबाई जाटव ने बताया कि मंगलवार रात अचानक गांव के ही गुर्जर समाज के दर्जनों लोगों ने उनके घर को घेर लिया और हमला कर दिया। वे मारपीट करने लगे। इसी डर से वह लोग गुना भाग आए। दरअसल उनके परिवार की एक लडक़ी गायब हो गई थी, जिसको लेकर विवाद बना। जानकारी के अनुसार अनुसार, जाटव समाज का एक युवक दूसरे पक्ष की नाबालिग को 12 दिसंबर को लेकर कहीं चला गया। इसी दौरान रात में मक्सी में ट्रेन से गिरने से नाबालिग की मौत हो गई। इसके प्रतिशोध में गुर्जर समाज की भीड़ ने पूरे परिवार को निशाना बनाया। विद्याबाई का आरोप है कि हमलावर भीड़ परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता और गलत काम करने की धमकी दी। हमले से डरे-सहमे लोग जो कपड़े पहने थे, उन्हीं में बच्चों को लेकर गांव से भाग निकले। हमलावरों ने उनके घरों में जमकर तोडफ़ोड़ की और कीमती सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, उनके मवेशियों को भी हांककर ले गए। एसपी के पांच पहुंचा युवक का परिवार बुधवार सुबह परिजनों ने पुलिस के आला अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। खुद कलेक्टर और SP पूरे परिवार को अपने साथ लेकर गांव पहुंचे। यहां पूरे मामले को समझने का प्रयास किया। इस मामले में चांचौड़ा थाना प्रभारी मनोज मेहरा का कहना है कि पुलिस अधीक्षक महोदय सहित पूरा पुलिस बल गांव में ही है। हम पूरी जानकारी ले रहे हैं।


