अब तक आपने मोबाइल गेम पब्जी खेलने के गलत परिणामों के बारे में देखा और सुना होगा। लेकिन पब्जी के कारण चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। पब्जी खेलते हुए युवक ने चोर को पकड़वा दिया। यह बेहद दिलचस्प मामला गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र के दुनाई गांव का है। बुधवार-गुरुवार रात गांव के लोगों ने एक चोर को रंगे हाथों पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले का वीडियो गुरुवार देर रात सामने आया। दरअसल, बुधवार-गुरुवार रात करीब 12 बजे तीन बदमाश गांव में घुस गए। बदमाश यहां लगे एक टावर से केबल काटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान घर के अंदर पब्जी गेम खेल रहे युवाओं को बदमाशों की आहट मिली और उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सतर्क कर दिया। लोगों ने सामूहिक प्रयास करते हुए गांव में घुसे एक बदमाश को घेर लिया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। हेलमेट पहनकर चोरी कर रहा था बदमाश
जिस बदमाश को पकड़ा गया है उसने हेलमेट लगा रखा था और एक बाइक लेकर भी पहुंचा था। इतना ही नहीं बदमाश ने सर्दी से बचने का भी पूरा इंतजाम करते हुए स्वेटर, जैकेट सहित तमाम गरम कपड़े पहन रखे थे। ग्रामीणों ने बाद में पकड़े गए बदमाश को म्याना पुलिस के हवाला कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सर्दी के मौसम की वजह से हर साल इसी सीजन में चोर सक्रिय हो जाते हैं। क्योंकि आवाजाही कम रहती है। लेकिन मजे की बात यह रही कि देर रात तक गांव के युवा मोबाइल में व्यस्त थे, जिन्होंने बदमाशों को ट्रैक कर लिया और लोगों की सामूहिक मशक्कत के बाद इनमें से एक चोर पकड़ा भी गया है। ग्रामीणों ने घटना सामने आने के बाद पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।


