गुना में प्लास्टिक से भरे गोदाम में लगी आग:बिल्डिंग की दो मंजिलों को चपेट में लिया; दो घंटे में चार फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

गुना के सदर बाजार में स्थित प्लास्टिक के एक गोदाम में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। चार दमकल की गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने में लगी रहीं। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार सराफा बाजार में पांड्या कॉम्प्लेक्स है। इस कॉम्प्लेक्स में नीचे साड़ी की दुकान है। वहीं ऊपर प्लास्टिक के सामन का गोदाम है। रविवार रात 10 बजे के आसपास अचानक गोदाम से धुआं उठता हुआ दिखा। देखते ही देखते इसमें से आग की लपटें उठने लगीं। आग ने गोदाम की तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग तीसरी मंजिल तक भी पहुंच गई। आस पड़ोस के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर नगरपालिका से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। गोदाम के सामने बिजली की लाइन थी, इसलिए सबसे पहले लाइट बंद कराई गई। इसके बाद सीढ़ियों के जरिए पाइप डालकर आग पर पानी डालना शुरू किया गया। सूचना मिलने पर SDM शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी CMO मंजुषा खत्री, तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा सहित नपा और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। GAIL से भी फायर ब्रिगेड को गुना बुलाया गया। इसके बाद तीन फायर ब्रिगेड और एक टैंकर पानी का मौके पर मंगाया गया। चूंकि सामने की तरफ गोदाम के शटर थे और वो पहली मंजिल पर थे, ऐसे में उन्हें ऊपर चढ़ने के लिए जगह न होने के कारण तोड़ा नहीं जा सका। सीढ़ियों के जरिए ही पानी डालते हुए नगरपालिका की टीम अन्दर घुसी। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गए, लेकिन धुआं काफी भरा रहा। एहतियातन देर रात तक गोदाम में और पानी डाला जाता रहा। SDM शिवानी पांडे ने बताया कि आग किस कारण लगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। एक संभावना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो। वहीं दूसरी संभावना यह भी है कि संभवतः इनवर्टर की बैटरी से आग लगी हो। प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया। पहली प्राथमिकता आग बुझाने की थी। आगे की जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *