सतना में डीजे संचालक अंकुर गुप्ता को गोली मारने के बाद से आरोपी जितेंद्र बसोर और उसके दो साथी फरार हैं। पुलिस दो दिन बाद भी उनका सुराग नहीं लगा पाई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। घायल अंकुर का ऑपरेशन सोमवार को होगा। यह घटना शनिवार दोपहर की है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे आरोपी जितेंद्र ने अंकुर को फोन कर अपने मोहल्ले में डीजे लाने को कहा था। अंकुर ने समय का हवाला देकर मना कर दिया। इस बात से नाराज आरोपी ने शनिवार सुबह फोन पर गाली-गलौज कर धमकाया और फिर दोपहर में अपने दो साथियों के साथ लखन चौक पहुंचकर अंकुर को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अंकुर गुप्ता (25), निवासी लखन चौक-टिकुरिया टोला, को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया था। रविवार को हार्ट सर्जन की अनुपलब्धता के कारण उनका ऑपरेशन नहीं हो पाया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल कोई गंभीर खतरा नहीं है। हालांकि, गोली फेफड़े के ऊपर और कंधे के निचले हिस्से में फंसी हुई है, जिससे ऑपरेशन के दौरान आपातकालीन स्थिति बन सकती है। एहतियात के तौर पर मेडिकल टीम में हार्ट सर्जन की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ सोमवार को अंकुर का ऑपरेशन कर गोली निकालने की तैयारी कर रहे हैं।


