गुना में सरकारी स्कूल में नौकरी के नाम पर ठगी:कोचिंग संचालक ने 8 लोगों को बांटे फर्जी जॉइनिंग लेटर; लैपटॉप-ड्रेस के लिए 29-29 हजार वसूले

गुना के कैंट थाना इलाके में युवाओं से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक कोचिंग संचालक ने सरकारी स्कूल में आउटसोर्सिंग पर कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर कई युवक-युवतियों से पैसे ऐंठ लिए। आरोपी ने पैसे लेने के बाद उन्हें फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिए। मामले में एनएफएल पालिका बाजार निवासी मुस्कान रजक (21) की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। CM राइज स्कूल में भर्ती का दिया झांसा मुस्कान ने पुलिस को बताया कि राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगर निवासी रवि मीणा पुत्र श्रीलाल मीणा से उसकी एक साल पहले जान-पहचान हुई थी। रवि कोचिंग चलाता है। उसने बताया कि सीएम राइज स्कूल में आउटसोर्स पर कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती निकली है। इसके लिए उसने लैपटॉप, ड्रेस और आईडी कार्ड के नाम पर 29 हजार रुपये जमा करने को कहा। उसने भरोसा दिलाया कि यह राशि जॉइनिंग के दिन वापस लौटा दी जाएगी। रिश्तेदारों और दोस्तों को भी फंसाया झांसे में आकर मुस्कान ने 23 जुलाई को 25 हजार और 2 अगस्त 2025 को 4 हजार रुपये (कुल 29 हजार) रवि को ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद रवि ने उसे 18 अक्टूबर 2025 की जॉइनिंग डेट वाला फर्जी लेटर दे दिया। मुस्कान ने अपने चचेरे भाई अजय रजक, दोस्त नीतू लोधा, गणेश रघुवंशी, अभिषेक रजक, राज रघुवंशी, विक्रम रघुवंशी और निखिल रघुवंशी को भी इस बारे में बताया। रवि ने इन सभी से भी इसी तरह 25-25 हजार रुपये ले लिए और फर्जी लेटर थमा दिए। तारीख निकली तो फोन उठाना बंद किया जॉइनिंग की तारीख आने पर जब पीड़ितों ने रवि से संपर्क किया, तो वह बहाने बनाने लगा। बाद में उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली। कैंट थाने की उपनिरीक्षक रसना सिंह ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी रवि मीणा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *