जयपुर | प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता का कार्यकाल मंगलवार को पूरा हो गया और उनके तत्काल बाद राज्य सरकार ने पूर्व आईएएस राजेश्वर सिंह की आयुक्त पद पर नियुक्ति कर दी। अब नए आयुक्त ही राज्य सरकार की मंशा वन स्टेट वन इलेक्शन की सोच को पूरा करेंगे। पिछले सवा महीनों से राज्य निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार के बीच निकाय और पंचायत चुनाव कराने को लेकर मतभेद सामने आ रहे थे। हालात ये हो गए थे कि 22 अगस्त को पुराने परिसीमन के आधार पर मतदाता सूचियां तैयार कराने के आदेश आयोग ने कलेक्टरों को जारी कर दिए थे। इस संबंध में आयोग ने हवाला दिया था कि कोर्ट के दिशा – निर्देशों की पालना में ये किया गया है। उधर आयोग के इस फैसले से राज्य सरकार संतुष्ट नहीं थी। राज्य सरकार चाहती थी कि नए परिसीमन की मंजूरी के बाद ही आयोग मतदाता सूचियों के संबंध में निर्णय लें। गौरतलब है कि प्रदेश में नए – पुराने परिसीमन के मामले में मतदाता सूचियों का काम प्रभावित चल रहा है। कलेक्टरों ने आयोग से मार्गदर्शन मांगा हुआ है और इस मामले में पत्र व्यवहार का जवाब आयोग ने नहीं दिया है। ऐसे में तय है कि नए आयुक्त ही मतदाता सूचियां तैयार करने के शेड्यूल पर निर्णय लेंगे और संशोधित कार्यक्रम जारी करेंगे।


