गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक डॉक्टर के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपए की चोरी को अंजाम दिया। घटना रविवार रात की है, जब घर के मालिक मुकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ रांची गए हुए थे। जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार मूल रूप से बेड़ो प्रखंड के दौलैचा गांव के रहने वाले हैं। भरनो में मकान बनाकर रहते हैं। वह दौलैचा में एक छोटा सा क्लिनिक चलाते हैं। उनके पिता स्वर्गीय देवेंद्र प्रसाद भरनो क्षेत्र के प्रसिद्ध मलेरिया डॉक्टर थे। रांची गया हुआ था पूरा परिवार रविवार को मुकेश अपनी पत्नी के साथ रांची एक डॉक्टर से परामर्श लेने गए थे। इसी बीच चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। चोर पीछे की दीवार फांदकर घर के परिसर में घुसे और मेन गेट का ताला तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने बक्से, अलमारी और ट्रंक के ताले तोड़कर पूरे घर में सामान बिखेर दिया। चोर घर से करीब 2 लाख रुपए नगद और लगभग 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने ले गए। चोरों ने मुकेश की बेटी की मिट्टी की गुल्लक भी तोड़ डाली और उसमें रखे सिक्के और रुपए भी ले उड़े। घर लौटने पर चोरी की मिली जानकारी सोमवार सुबह जब मुकेश और उनकी पत्नी घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला और भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी तुरंत भरनो थाना को दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी कंचन प्रजापति और सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, भरनो थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं।


