गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना पुराना पेट्रोल पंप के पास हुई। घाघरा निवासी 30 वर्षीय राजू महली सरहुल कर चंदा ले रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजू को पहले घाघरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एक बाइक पर सवार तीन युवक स्कॉर्पियो से टकरा गए वहीं, दूसरी दुर्घटना घाघरा-बिशनपुर सड़क पर ईटकरी के पास हुई। एक बाइक पर सवार तीन युवक स्कॉर्पियो से टकरा गए। टांगर सिकवार निवासी अमीन उरांव, पवन मुंडा और सुधीर मुंडा घायल हो गए। स्कॉर्पियो चालक वाहन का नंबर छोड़कर फरार हो गया। तीनों घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अमीन उरांव की मौत हो गई। एसआई विकास कुमार और विनय कुमार महतो ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर सोमवार को सदर अस्पताल में परिजनों को सौंप दिया गया।


