गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र के भंडरिया में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका मैट्रिक की छात्रा थी। शनिवार को परीक्षा देने के बाद वह घर लौटी और सिरदर्द का हवाला देकर सो गई। आज सुबह जब वह देर तक नहीं उठी, तो परिवार वालों ने कमरे में जाकर देखा। वहां उसका शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। गर्भवती होने की आशंका मृतका की बड़ी बहन और दादी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। उसे देखकर आशंका हो रही थी कि वह गर्भवती थी। इस बारे में पूछने पर वह कोई जवाब नहीं देती थी। कुछ दिन पहले वह गुमला में दवा लेने भी गई थी। एसआई बबिता कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म का मामला सामने आ रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से गर्भावस्था की अवधि का पता चलेगा। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। परिवार की स्थिति भी दयनीय पीड़िता के परिवार की स्थिति भी दयनीय है। एक साल पहले उसकी मां की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। पिता हिमाचल जाने की बात कहकर गए थे और तब से उनका कोई संपर्क नहीं है। पांच भाई-बहनों में से कुछ रिश्तेदारों के यहां रहते हैं, जबकि मृतका अपने एक भाई-बहन के साथ घर में रहती थी।


