गुमला जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। सुरसांग थाना क्षेत्र के रेंगोला गांव में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बीरकेरा के 28 वर्षीय प्रधानाध्यापक गजेंद्र किसान की बिजली के करंट से मौत हो गई। घटना के समय प्रधानाध्यापक अपने घर की बिजली ठीक करने के लिए ट्रांसफॉर्मर पर चढ़े थे। मेन लाइन की मरम्मत करते समय उन्हें 11 हजार वोल्ट का करंट लग गया। वे तार से चिपक गए और उनका शरीर जलने लगा। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से शव को नीचे उतारा ग्रामीणों ने तुरंत सुरसांग थाना को सूचना दी। थाना प्रभारी मुकेश प्रसाद टूटू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिजली आपूर्ति बंद करवाने के बाद ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से शव को नीचे उतारा। प्रधानाध्यापक का हाथ और पूरा शरीर बुरी तरह जल चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली कटने के बाद भी उनके शरीर से आग की लपटें निकल रही थीं। पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


