गुमला में सड़क हादसा: एक बच्चे की मौत:दूसरा गंभीर रिम्स रेफर किया गया, मदरसे से बिना बताए निकले थे गांव

गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के नावाटोली के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में 12 साल के फरहान मिर्दाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुर्सिल मिर्दाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बच्चे बेड़ों थाना क्षेत्र के हाटू मदरसे में पढ़ाई करते थे। जानकारी के अनुसार, सुबह दोनों बच्चे बिना किसी को बताए मदरसे से निकल गए थे और पैदल अपने गांव सुपा लौट रहे थे। अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे जब सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फरहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, मुर्सिल बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत भरनो अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। मृतक के घर में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल फरहान की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव सुपा में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे और अक्सर साथ ही रहते थे। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ग्रामीणों ने भी घटना पर गुस्सा जताया और प्रशासन से दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की। गुस्साए ग्रामीणों ने किया एनएच जाम घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने भरनो ब्लॉक चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और आरोपी वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच में जुटी सूचना मिलते ही भरनो पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फरार वाहन और चालक का जल्द ही पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *