गुमला पुलिस ने जेजेएमपी के 5 लाख रुपए के इनामी उग्रवादी फिरोज अंसारी को गिरफ्तार किया है। घाघरा के जंगल से पकड़े गए 35 वर्षीय अंसारी लोहरदगा जिले के रुबेद गांव का रहने वाला है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने मंगलवार को बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के सुप्रीमो रबिन्द्र यादव अपने दस्ते के साथ घाघरा के जंगल में बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। 200 राउंड जिंदा कारतूस बरामद पुलिस ने फिरोज के पास से एक .303 राइफल और 200 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा 7.62MM के 150 जिंदा कारतूस, तीन स्मार्टफोन, दो कीपैड मोबाइल, दो डायरी, एक मोबाइल चार्जर, एक जिओ राउटर और एक पिट्टू बैग भी जब्त किया गया। एसपी के अनुसार, पुलिस को देखते ही उग्रवादियों का दस्ता भाग गया, लेकिन फिरोज अंसारी को पकड़ लिया गया। झारखंड सरकार ने आत्मसमर्पण नीति के तहत उस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। फिरोज पहले भी जेल जा चुका है। लातेहार, गुमला और लोहरदगा में उस पर कुल 11 मामले दर्ज हैं।


