पलामू में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया। मंगलवार को पुलिस ने शव बरामद किया। महिला का चेहरा कुचला मिला है। घटना शहर थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के पास स्थित कुम्हारटोली की है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा आरोपी की तलाश में जुट गई है। मृतका की पहचान पूनम देवी (25) के रूप में की गई है। सदर थाना क्षेत्र के लहसुनिया की रहने वाली पूनम और चौरा बांसडीह निवासी अशोक यादव ने परिजनों के मर्जी के खिलाफ दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों के बीच आपस में विवाद होता रहता था। दोनों किराए के मकान में रहते थे दंपती कुम्हारटोली में कुमार अनूप सिंह के घर के एक कमरे में छह माह से किराए पर रह रहे थे। दोनों मजदूरी करते थे। सोमवार की रात पूनम की हत्याकर अशोक कमरे में बाहर से ताला लगाकर भाग निकला। पूनम के मर्डर की जानकारी मंगलवार को दोपहर दो बजे हुई। झगड़े की सूचना पर मृतका की मां पहुंची दरअसल, पूनम और अशोक के बीच सोमवार को भी विवाद हुआ था। मृतका की मां को पूनम के देवर ने मंगलवार को 10 बजे के करीब फोन कर दंपती के बीच झगड़े की जानकारी दी। इसके बाद पूनम की मां बेटी के घर पहुंची तो कमरा में ताला लगा देखा। मृतका की चचेरी बहन ने खिड़की पर धक्का मारा तो वो खुल गई और पूनम मृत हालत में फर्श पर पड़ी मिली। इसके बाद आस पास के लोग जमा हो गए और घटनास्थल से थोड़े दूर पर ही स्थित टीओपी टू में जाकर पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। कमरे का ताला तोड़कर निकाला गया शव मौके पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कमरे का ताला तोड़कर महिला का शव निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेजा। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। इधर, दंपती के बगल के कमरे में किराए पर रहने वाली महिला गीता देवी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पैसे को लेकर हमेशा लड़ाई होती थी। घटना वाली रात 11 बजे तक दोनों लड़े थे। सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि कमरे के दरवाजे पर ताला लगा हुआ है।


