रांची-गुमला NH-43 पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। नवा टोली नदी के समीप बालू लदे हाइवा और कोयला लदे ट्रक के बीच सीधी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दुर्घटना में कोयला लदे ट्रक के चालक मोहन यादव (30 वर्ष), निवासी बेगूसराय और उपचालक विमलेश कुमार (26 वर्ष), निवासी बिहार, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस 108 की मदद से दोनों को सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉ. पीसी के भगत की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उपचालक विमलेश कुमार के पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घंटों वाहन में फंसे रहे घायल, मशक्कत के बाद निकाले गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों घायल काफी देर तक ट्रक के केबिन में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत और तकनीकी मदद के बाद घायलों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घायल चालक मोहन यादव ने बताया कि वे धनबाद से कोयला लोड कर रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे हाइवा से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हाइवा चालक की इलाज के दौरान मौत हाइवा चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। भरनो थानेदार कंचन प्रजापति ने बताया कि दुर्घटना के बाद हाइवा चालक का पैर बोनट में फंस गया था। गैस कटर की मदद से वाहन का हिस्सा काटकर उसे बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे रांची रेफर किया गया था। जहां आयुष्मान अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।


