सिंगरौली जिले के खुटार चौकी क्षेत्र के पिपरा झांपी गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। अंबेश शर्मा नामक युवक का शव उसके घर के पास एक खेत में मिला, जहां लगभग दो फीट पानी भरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर खुटार चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की गहन जांच की मांग की है। इस संबंध में खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि पुलिस का पूरा स्टाफ मौके पर मौजूद है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, युवक का शव खेत में पानी भरे स्थान पर मिला था। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।


