गुरदासपुर की होनहार बेटियों का सम्मान:जिला प्रशासन ने पिंक वॉल ऑफ फेम लगाई, इसमें उपलब्धि हासिल करने वाली बेटियों की तस्वीरें

गुरदासपुर जिला प्रशासन ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को एक नई दिशा देते हुए एक अनूठी पहल की है। जिला प्रशासनिक परिसर में ‘पिंक वॉल ऑफ फेम’ की स्थापना की गई है, जिस पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली जिले की प्रतिभाशाली बेटियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। डिप्टी कमिशनर श्री उमा शंकर गुप्ता ने इस विशेष दीवार का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी कमिशनर (जनरल) स. हरजिंदर सिंह बेदी, एसडीएम गुरदासपुर स. मनजीत सिंह राजला, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जसमीत कौर और जिला शिक्षा अधिकारी स. जगविंदर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी
यह पहल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूती प्रदान करने का एक सार्थक प्रयास है। इससे न केवल सफल बेटियों का सम्मान होगा, बल्कि यह समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश भी देगा। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल से अधिक से अधिक बेटियां शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। पिंक वॉल ऑफ फेम का उद्घाटन करते हुए डिप्टी कमिशनर श्री उमा शंकर गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जारी निर्देशों के तहत जिला प्रशासन की तरफ से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ मुहिम चलाई जा रही है, जिसके तहत जिले के निवासियों को अवगत कराया जा रहा है कि वे जेंडर भेद न करते हुए अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के अधिकतम मौके दें। इन महिलाओं की लगी तस्वीर…
डिप्टी कमिशनर ने बताया कि ‘पिंक वॉल ऑफ फेम’ में 18-19वीं सदी की महान नायिका और कन्हैया मिसल की मिसलदार सरदारनी सदा कौर, भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ऑफिसर जीवनजोत कौर, आईपीएस अधिकारी डॉ. नवजोत कौर, बीएसएफ की सहायक कमांडेंट मेडिकल डा. मनप्रीत कौर, पीसीएस न्यायिक न्यायाधीश मनमोहनप्रीत कौर, पीसीएस न्यायिक न्यायाधीश दिव्यानी लूथरा, आएएस अधिकारी अमृतपाल कौर, आइएएस अधिकारी रुक्मणी रियाड़, रोइंग खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, इन्फोर्समेंट ऑफिसर रुपिंदर कौर, पीसीएस अधिकारी हरनूर कौर ढिल्लो, आइ.एफ.एस अधिकारी हरप्रीत कौर, प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा, प्रसिद्ध स्टेज संचालक और अदाकारा सतिंदर सत्ती की तस्वीरें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि पिंक वॉल ऑफ फेम में एक फोटो फ्रेम खाली रखा गया है, जो हमारी बेटियों को प्रेरित करेगा कि वे भी आगे बढ़ें और इस खाली फ्रेम में उनकी तस्वीर लग सके। उन्होंने इस प्रयास के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिशनर (जनरल) स. हरजिंदर सिंह बेदी और जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जसमीत कौर की भी सराहना की। इस मौके पर शिक्षक मुकेश वर्मा, गाइडेंस काउंसलर परमिंदर सिंह भी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *