गुरदासपुर ग्रेनेड हमले में एक और गिरफ्तार:पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था, एक पिस्तौल और बाइक बरामद

काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) बठिंडा और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरदासपुर ग्रेनेड हमले के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसको लेकर इस मामले में अब तक कुल गिरफ्तारियां पांच हो गई हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल और अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बठिंडा निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहन सिंह पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था। मोहन सिंह ने शहजाद के निर्देशों पर पंजाब में दहशत फैलाने के इरादे से ग्रेनेड हमले को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह कार्रवाई 25 नवंबर 2025 को शाम करीब 7:30 बजे गुरदासपुर सिटी थाना पर हुए ग्रेनेड हमले से संबंधित है। इससे पहले, पंजाब पुलिस ने इस मामले में प्रदीप कुमार, गुरदित्त, नवीन चौधरी और कुश नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से एक पी-86 हैंड ग्रेनेड और दो पिस्तौल बरामद की गई थीं। ए.आई.जी. (सीआई) बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू ने बताया कि तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर सीआई बठिंडा ने गुरदासपुर पुलिस के साथ सूचना साझा की, जिसके आधार पर आरोपी मोहन सिंह को पकड़ा गया। गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आदित्य ने बताया कि मोहन सिंह के खुलासे पर पुलिस ने एक .32 बोर पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने एक काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल इस मॉड्यूल द्वारा अपराध को अंजाम देने में किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *