गुरदासपुर जिले में पुलिस ने दो युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ये युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक पंजाब बिजली निगम का कर्मचारी है। बता दे कि पंजाब सरकार द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गुरदासपुर पुलिस ने काहनूवान में गश्त के दौरान इन युवकों को पकड़ा। पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गश्त के दौरान आरोपी को पकड़ा एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि थाना काहनूवान की पुलिस पार्टी ने गश्त के दौरान शक के आधार पर साहिल उर्फ भक्कू नामक युवक को हिरासत में लिया। उसकी तलाशी लेने पर एक 32 बोर पिस्तौल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। बिजली निगम में कार्यरत है आरोपी साहिल से पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी अजय कुमार को भी गिरफ्तार किया गया, जो बिजली निगम में कार्यरत है। अजय के पास से भी एक पिस्तौल, एक मैगजीन और दो कारतूस बरामद हुए। एसएसपी आदित्य ने पुष्टि की कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।


