पंजाब में जिला गुरदासपुर के श्री हरगोबिंदपुर साहिब क्षेत्र के गांव नंगल झौर में धान की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय करंट लगने से 2 चचेरे भाइयों की मौत हो गई। पहले एक भाई को करंट लगा, जब दूसरा उसे बचाने गया तो दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजन मसीह (28) पुत्र कश्मीर मसीह और जगराज मसीह (35) पुत्र अमरीक मसीह निवासी गांव गिल मंझ के रूप में हुई है। मालिक ने नहीं बताया कि खेत में बिजली की तार गिरी है जानकारी के अनुसार बीते दिन सुबह 8 बजे दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ गांव के किसान इंदरजीत सिंह के खेतों में स्प्रे करने गए थे। आरोप है कि खेत मालिक ने उन्हें यह नहीं बताया कि खेत में बिजली का खंभा गिरा हुआ है और उसके तार फैले पड़े हैं। स्प्रे के दौरान राजन का पैर अचानक बिजली की तार से टकरा गया और वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए जगराज आगे बढ़ा तो वह भी करंट से झुलस गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की मां कांता ने बताया कि राजन उसका बेटा था और जगराज उसकी बहन का बेटा। परिवार ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की परिवार के अनुसार इस हादसे के लिए किसान और बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि अगर समय रहते जानकारी दी जाती और खराब खंभे की मरम्मत की जाती तो हादसा टल सकता था। मृतकों के पीछे उनकी पत्नियां, बच्चे और बूढ़ी मां रो-रोकर बेहाल हैं। दोनों परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाए। हरचोवाल चौकी इंचार्ज एएसआई सरवन सिंह ने कहा- दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतकों के साथियों के बयान दर्ज कर पुलिस अगली कार्रवाई कर रही है।


