गिरिडीह के गांधी चौक पर नाले में बहा मासूम:दुकान के बाहर खड़ी मां की गोद से फिसला, देर रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सुबह से तलाश जारी

गिरिडीह शहर के गांधी चौक पर शनिवार देर शाम हुई तेज बारिश ने ढ़ाई साल के मासूम को बहा ले गया। घटना उस वक्त हुई जब मासूम अंकुश ठाकुर अपने माता-पिता के साथ कपड़ा खरीदने आया था। अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हुई तो उसकी मां बच्चे को गोद में लेकर नाले के किनारे खड़ी हो गई। तभी बच्चा मां की गोद से फिसलकर सीधे नाले में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। परिजनों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पलों में मासूम आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद गांधी चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते सैकड़ों लोग जुट गए। देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू हुआ। नाले के कई हिस्सों को तोड़ने के लिए तीन जेसीबी मशीन लगाई गईं। भारी बारिश और अंधेरे के बीच भी घंटों तक खोजबीन चलती रही। इस दौरान बच्चे की मां पास के दुर्गा मंदिर में प्रार्थना कर रही थी। देर रात करीब तीन बजे तक जेसीबी और पंप की मदद से नाले में तलाश जारी रही, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। लगातार बारिश और रात गहराने के कारण ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। सुबह से तेज हुई तलाश, नाराज लोगों ने किया सड़क जाम रविवार सुबह एक बार फिर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि सुबह से ही जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से नाले की खुदाई और पानी निकालने का काम हो रहा है। प्रशासन ने साफ कहा है कि बच्चे को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इस बीच मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मंगरोडीह निवासी दीपक ठाकुर का इकलौता बेटा अंकुश अब तक लापता है। इधर, घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। देर रात से ही लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। रविवार सुबह आक्रोशित लोगों ने शहर के बड़ा चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों का आरोप है कि अगर शुरू से ही तेजी और प्रभावी तरीके से कार्रवाई होती, तो मासूम को बचाया जा सकता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *