सीकर में गुरुग्राम (हरियाणा) के सब इंस्पेक्टर पर साइबर क्राइम के आरोपी ने हमला कर दिया। सब इंस्पेक्टर ने पहले आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन जब वे दूसरे आरोपी को पकड़ने गए, तो वह भागने लगा। इस दौरान, जब सब इंस्पेक्टर ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने सब इंस्पेक्टर के मुंह पर मुक्के मारे और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला खाटूश्यामजी सदर थाना इलाके का है। खाटूश्यामजी सदर थानाधिकारी कैलाश चंद यादव ने बताया- गुरुग्राम साइबर पुलिस आरोपी की तलाश में यहां पर आई थी। दूसरे आरोपी को पकड़ने के दौरान गाड़ी में बैठा आरोपी पप्पू बाजिया फरार हो गया, जिसने सब इंस्पेक्टर पर हमला भी किया। फिलहाल मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। अब 3 पॉइंट में समझिए पूरा मामला… 1. पुलिस गिरफ्त में साइबर अपराधी, गाड़ी में बैठा था
हरियाणा के गुरुग्राम के साइबर क्राइम वेस्ट थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने सीकर के खाटूश्यामजी सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में गिरफ्तार पप्पू बाजिया पुलिस की गाड़ी में बैठा था।
2. 7-8 साथियों के साथ दूसरा आरोपी, पुलिस पहुंची तो भागा
घटना बीती शाम 6 से 8 बजे के बीच की है। पुलिस को सूचना मिली कि इसी मुकदमे में फरार आरोपी दिनेश बाजडोलिया धींगपुर में श्याम होटल के पास अपने 7-8 साथियों के साथ बैठा है। पुलिस टीम जैसे ही दिनेश को पकड़ने के लिए श्याम होटल पहुंची, गाड़ी में बैठा पप्पू बाजिया मौका पाकर भाग निकला।
3. अंधेरे में जानलेवा हमला, वर्दी फाड़कर भागा आरोपी
सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने पप्पू बाजिया को भागते हुए देखा और उसका पीछा करना शुरू कर दिया। होटल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर अंधेरे में जब सब इंस्पेक्टर सुनील ने आरोपी पप्पू बाजिया को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने सब इंस्पेक्टर सुनील के मुंह पर जोरदार मुक्का मारा और जानलेवा हमला करते हुए उनकी वर्दी भी फाड़ दी। मुक्का लगने से सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार वहीं गिर गए, और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी पप्पू बाजिया वहां से फरार हो गया।


