अमेरिकी डॉलर और क्रिप्टो करेंसी में निवेश से मोटी कमाई के लालच में निवेशकों से सैकड़ों करोड़ रुपए की ठगी कर ली गई। इस ठगी को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड भीलवाड़ा का दिनेश कुमार जैन उर्फ डीके जैन है। ‘Hedgex Fund, Lavaya Shopping जैसी कई वेबसाइट बनाकर महाठग ने राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, असम, झारखंड के हजारों निवेशकों का पैसा लेकर फरार हो गया। उसके विदेश भागने की आशंका है। हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने उसे घोषित अपराधी मानते हुए देशभर के पीड़ितों से कहा है कि वे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में मुकदमा दर्ज करवा सकते हैं। राजस्थान में जयपुर सहित कई शहरों के पीड़ितों ने मुकदमे दर्ज करवाए हैं। अकेले दौसा शहर के कुछ निवेशकों से 10 करोड़ की ठगी सामने आई है। भास्कर ने ठगी के मास्टरमाइंड डीके जैन के काले कारनामों की पड़ताल की। साथ ही पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना कि कैसे वो ठगी का शिकार बनाता था। पढ़िए संडे बिग स्टोरी में… सबसे पहले पीड़ितों की जुबानी ठगी की पूरी कहानी… केस-1 : मोटी कमाई के लालच में पूरी पूंजी निवेश कर दी, अब तनाव में पैरालिसिस अटैक जयपुर के झोटवाड़ा निवासी 35 वर्षीय अमित जांगिड़ ने बताया- छोटा-मोटा काम करके अपने परिवार का खर्च चलाता था…मैंने ‘Hedgex Fund’ नाम की एक कंपनी में अपनी सारी जमा पूंजी 10 लाख रुपए निवेश की थी। इनमें से कुछ पैसा मेरी टीम का भी था, जो मेरे लिए मार्केटिंग का काम करती थी। कंपनी के डायरेक्टर दिनेश कुमार जैन ने बताया कि पैसा लगाने से हर महीने 10% से ज्यादा का रिटर्न मिलेगा। यानी एक लाख लगाने पर करीब 10 हजार रुपए हर महीना। शुरू में एक-डेढ़ महीने तक कंपनी ने पैसे दिए। बाद अचानक कंपनी बंद कर दी। पैसे वापस मांगे तो कहा- अभी ‘पुलिस की पूछताछ चल रही है, इसलिए कंपनी अस्थायी रूप से बंद है।’ बाद में कहा- एक नई कंपनी बना रहे हैं, सारा पैसा उसमें ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके बाद उसने ‘Lucos International’ नाम से एक नई कंपनी बनाई। बताया कि पिछली कंपनी में जमा पैसा तभी मिलेगा जब नई कंपनी में निवेश करोगे। इस लालच में दोबारा पैसे लगाए। लेकिन हमें अंदाजा भी नहीं था कि यह ठगी का एक बड़ा जाल है। केस-2 : हर महीने 8-12% कमाई का दावा करता था हमारे साथ धोखाधड़ी हुई है, हमारे लाखों रुपए हड़प लिए गए और अब हमें धमकियां दी जा रही हैं कि जो करना है कर लो। यह कहना है जयपुर निवासी रईस मलिक का। रईस का कहना है कि इस धोखाधड़ी में उनके पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति बर्बाद हो गई है। उनका आरोप है कि इस पूरे खेल में दिनेश कुमार जैन के साथ-साथ कई और लोग भी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर बड़ी टीम बनाकर कई लोगों से ठगी की। कभी प्राइवेट नौकरी करता था मास्टरमाइंड, ठगी के लिए खोली खुद की कंपनी इस पूरे Forex Scam का मास्टरमाइंड दिनेश कुमार जैन (40) है, जो भीलवाड़ा के वैभव नगर का निवासी है। दिल्ली क्राइम ब्रांच के अनुसार दिनेश कुमार जैन पहले इसी तरीके की कंपनियों में जॉब करता था, जहां इन्वेस्टमेंट संबंधी कार्य होते हैं। बाद में नौकरी छोड़कर अपनी खुद की कंपनी बना ली। उसने अपने साथ एक और डायरेक्टर भी रखा। जांच में सामने आया है कि दूसरा डायरेक्टर एक मजदूर है, जिसको फर्जी तरीके से इस पूरे मामले में जोड़ा गया है। जैन खुद को Hedgex Fund, Frick Market जैसी कई कंपनियों का डायरेक्टर बताता था। उसने लोगों को Forex Trading (अमेरिका जैसे कई देशों की मुद्रा में निवेश) से करोड़पति बनाने का लालच देकर करोड़ों रुपए निवेश करवाए। राजस्थान में ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में जिसमें उड़ीसा, झारखंड, बिहार, दिल्ली में लोगों से अपनी कंपनी में इन्वेस्ट करवाया था। जयपुर के मालवीय नगर में उसने एक एनजीओ भी खोल रखा था। जिसके जरिए वो धर्म का काम करने का भी दावा करता था। ऐसे की जाती थी ठगी? ठगी के मामलों में दर्ज हुई FIR से सामने आया कि दिनेश कुमार जैन नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी कि तर्ज पर एक टीम तैयार कर रखी थी। ग्राहक लाने पर मोटा कमिशन देता था। टीम ग्राहकों को चाय की थड़ी, होटल या सेमिनार हॉल में मीटिंग के लिए बुलाती। वहां डीके जैन खुद को जाकर उनको मिलता। Hedgex Fund और अन्य कंपनियों का डायरेक्टर बताते हुए 8-12% महीने का पक्का मुनाफा देने का वादा करता। पहले छोटे निवेश पर कुछ मुनाफा देकर विश्वास जीतते। समझाते कि मुनाफा निकालने की बजाय वापस कंपनी में लगाओगे तो पैसा दोगुना-तिगुना हो जाएगा। यही कारण था कि लोगों ने अपनी जमा पूंजी और रिश्तेदारों से उधार लेकर पैसा निवेश कर दिया था। एक कंपनी बंद कर दूसरे में निवेश के नाम पर ठगता दिनेश जैन और उसके साथियों ने निवेश लेने के लिए कई कंपनियां बनाई थीं। पीड़ितों के अनुसार डीके जैन अपने सेमीनार में बताता कि कौशिल्या वेलफेयर फाउंडेशन गरीब लोगों की मदद करता है, गरीब बच्चों की शादी, वृद्ध लोगों की सेवा एवं गौशालाओं में दान देता है। आरोपी एक कंपनी में 3-4 महीने तक पैसा निवेश करवाता। जब निवेश की रकम करोड़ों में पहुंच जाती तो अचानक वेबसाइट और ऐप बंद कर देता। फिर नई कंपनी लॉन्च कर निवेशकों को कहता कि पुराना पैसा तभी मिलेगा जब नया निवेश करेंगे। इन कंपनियों के जरिए निवेशकों से Cash, Bank Transfer और यहां तक कि USDT (Crypto) में पैसा लिया गया। WhatsApp पर Confirmation मैसेज भेजे जाते और लोगों को Online Dashboard पर Profit दिखाया जाता। होटल पार्टियां और विदेश ट्रिप का लालच पीडितों ने बताया कि निवेशकों को फंसाने के लिए मास्टरमाइंड ने विदेश (थाईलैंड और सिंगापुर) यात्रा कराने का लालच भी दिया गया। दिसंबर 2022 में चोखी ढाणी रिसॉर्ट में पार्टी दी गई और भविष्य की योजनाओं का सपना दिखाया गया। जब निवेशकों ने पैसा वापस मांगा तो धमकियां दी गईं। पीड़ितों के अनुसार दिनेश कुमार जैन कहता कि उसकी राजनीतिक और पुलिस महकमे में पहचान है, जो लोग ज्यादा दबाव डालेंगे उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाएगा। यही कारण है कि कई लोग पुलिस के पास जाने से डर गए। 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी की आशंका दिल्ली साइबर क्राइम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह ठगी कई राज्यों में फैली है। हजारों निवेशकों से 100 करोड़ से ज्यादा ठगने की आशंका है। वहीं, दौसा के सुरेश चन्द्र ने बताया कि उन्होंने लगभग 30 लाख रुपए निवेश किए थे। उनके कहने पर उनके रिश्तेदारों और जानने वालों ने करीब 10 करोड़ रुपए डीके जैन की कंपनी में जमा कराए थे। सारा पैसा डूब गया। मैं बर्बाद हो चुका हूं। थानों के चक्कर ही काट रहा हूं। दिल्ली कोर्ट ने माना घोषित अपराधी 6 अगस्त 2025 को दिल्ली की साकेत कोर्ट ने मास्टरमाइंड दिनेश कुमार जैन को घोषित अपराधी मानते हुए कहा कि हेडजेक्स फंड और डीके जैन से जुड़े पूरे भारत के सभी पीड़ित अब सीधे दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को शिकायत कर सकते हैं। इस आदेश से स्पष्ट है कि ये मामला को राष्ट्रीय स्तर की ठगी का है। दिल्ली हाईकोर्ट की वकील ने बताया कि 8 सितंबर को कोर्ट ने आदेश दिया कि डीके जैन से संबंधित पूरे भारत में जहां भी कोई पीड़ित है वो दिल्ली क्राइम ब्रांच में शिकायत दे सकता है। दिल्ली क्राइम ब्रांच को अनुमान है कि इन कंपनियों ने हजारों लोगों से कई 100 करोड़ रुपए ठगे गए हैं। ठगी के पीड़ित केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है। दिल्ली, हरियाणा, यूपी और गुजरात तक कंपनी का नेटवर्क फैला था। इसे अब देश के बड़े मल्टी-स्टेट फाइनेंशियल फ्रॉड में से एक माना जा रहा है। जयपुर में कई पीड़ितों के एडवोकेट पवन गौतम ने बताया हमारे पास कई मामले आ रहे जिनके साथ ठगी हुई है। दिनेश जैन नाम के व्यक्ति ने कंपनी बनाई और लोगों से पैसे इंवेस्ट कराए हैं। …. ठगी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… डॉलर कमाने का झांसा:बिजनेसमैन-आइसक्रीम बेचने वाले बने शिकार, लोन लेकर इन्वेस्ट किया, सदमे में सुसाइड कर रहे राजस्थान में डॉलर-यूरो और विदेशी मुद्रा में निवेश कर कई गुना रिटर्न के झांसे में आकर लोगों ने करोड़ों गंवा दिए। इसमें बड़े बिजनेसमैन, सरकारी कर्मचारियों से लेकर आइसक्रीम बेचने वाले तक शामिल हैं। पूरी खबर पढ़िए…


