गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर के कई इलाकों में निकाला नगर कीर्तन

भास्कर न्यूज| लुधियाना दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा मॉडल टाउन एक्सटेंशन से विशाल नगर कीर्तन किया गया। इसके साथ ही दुगरी भाई हिम्मत सिंह नगर से नगर कीर्तन श्रद्धा से निकाला गया। यह नगर कीर्तन गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्र छाया और पंज प्यारों की अगुवाई में सजाया गया। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रधान इंदरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से पंज प्यारों की अगुवाई में अरदास करके शुरू हुआ। नगर कीर्तन में बैंड बाजा, स्कूली बच्चे, स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं और गतका टीमें शामिल थीं। नगर कीर्तन का मार्ग मॉडल टाउन एक्सटेंशन गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर न्यू कृष्ण मंदिर रोड, इश्मीत चौक, गुरु तेग बहादुर रोड, शास्त्री नगर मार्केट, गोल मार्केट, गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज रोड, चारखंभा रोड, और अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा रोड से होते हुए गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन में मॉडल टाउन मार्केट के प्रधान अमरजीत सिंह ने फूलों की वर्षा करके स्वागत किया और संगत ने विभिन्न स्थानों पर लंगर भी लगाए। गुरु की लाड़ली फौज संस्था के छोटे छोटे बच्चों ने बोले सो निहाल के जयकारे लगाए। संगत ने पालकी साहिब के आगे नंगे पैर झाड़ू से सेवा की और पीछे चोजी मेरा गोबिंदा चोजी मेरे प्यारेआ, हर प्रभ मेरी चोजी जियो का शबद गाते हुए नगर कीर्तन में भाग लिया। संगत ने वाह वाह गोविंद सिंह आपे गुरु चेला का भी गुणगान किया। इस अवसर पर अमरजीत सिंह हैप्पी, हरपाल सिंह खालसा, हैप्पी कोछड़, भूपिंदर सिंह और इंदरजीत सिंह मक्कड़ प्रधान ने बच्चों, स्त्री सत्संग सभा की सदस्यों और गतका टीमों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी रागी जत्थे श्री दरबार साहिब से पहुंच कर कीर्तन करेंगे और उस दिन पुरे गुरुद्वारा साहिब को रंग बिरंगे फूलों और लाइटों से सजाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *