गुरु गोबिंद सिंह प्रकाशोत्सव पर निकला नगर कीर्तन:शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरी पालकी, गुरबाणी से भक्तिमय हुआ वातावरण

हनुमानगढ़ में सिख धर्म के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर बुधवार को नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा सिंह सभा जंक्शन द्वारा आयोजित इस कीर्तन में गुरबाणी की मधुर ध्वनियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान थे, जिसके आगे श्रद्धालु नतमस्तक होकर चल रहे थे। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से पंज प्यारों की अगुआई में शुरू हुआ। यह शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ सतीपुरा, चक ज्वालासिंहवाला, दलसिंहनगर, गोल्डन सिटी और स्टार सिटी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से भी गुजरा। शाम को नगर कीर्तन वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर संगत ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह चाय और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी। नगर कीर्तन में पंजाब से आए फौजी बैंड की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बैंड की देशभक्ति और धार्मिक धुनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रभावित किया। सेवादार मनदीप सिंह और जगतार सिंह ने इस अवसर पर गुरु गोबिंद सिंह जी के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया तथा अत्याचार व अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। उन्होंने सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब को संपूर्ण मानवता का मार्गदर्शक ग्रंथ बताया। कर्मजीत सिंह ने जानकारी दी कि प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का प्रकाश किया गया था। इसका भोग गुरुवार को डाला जाएगा, जिसके बाद दीवान सजेंगे और कथा-कीर्तन का आयोजन होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *