सिटी रिपोर्टर | रांची लखनऊ से आए सिख पंथ के महान कीर्तनी जत्थे के रागी सुखप्रीत सिंह और उनके साथियों ने मधुर और सुरीली आवाज में भाई गुरदास जी द्वारा रचित वाहो वाहो गोविंद सिंह जी, आपे गुर चेला…, शबद गायन कर गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल के बच्चों को दशमेश पिता गुरु गोबिंद की आध्यात्मिकता, कूटनीति और शौर्य की अद्भुत गाथा सुनाई। उन्होंने बताया कि दशमेश पिता एक महान योद्धा, दार्शनिक, संत सिपाही, समाज सुधारक, दुनिया के सबसे बड़े दानी और मानवीय हितों का रक्षक माने जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिस कौम में अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा सुविधा हो, वो कौम हमेशां चढ़दी कलां में रहती है। उन्होंने अपने साथी भाई पवनजीत सिंह के साथ गुरु नानक देव महाराज द्वारा रचित पहल बसंते आगमन…,और सुन नां प्यारे इक बेनती मेरी… लगातार छह शबद गाए। गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट कमड़े की प्रबंधक कमेटी द्वारा रविवार को आयोजित श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाशोत्सव की शुरुआत श्री अखंड पाठ के भोग के बाद सजे विशेष दीवान में फगवाड़े से आईं ढाढ़ी जत्थे की बीबी संदीप कौर, बीबी मनदीप कौर, बीबी लवप्रीत कौर और बीबी अर्शदीप कौर ने ढांढी वारां का वीर रस में गायन कर गुरु गोबिंद सिंह के शौर्य का गुणगान कर संगत और बच्चों में जोश भर दिया। विशेष दीवान की शुरुआत श्री गुरु सिंह सभा रांची के हजूरी रागी भाई भरपूर सिंह और उनके साथियों ने शबद गायन कर की। स्कूल प्रबंधन कमेटी के सरदार परमजीत सिंह टिंकू, सरदार जगदीप सिंह और सरदार रणजीत सिंह बंटी की मौजूदगी में स्कूल के बच्चों में अपराजिता, आदिश्री शाह, परिधि सिंह, साक्षी कुमारी, सृष्टि कुमारी, वैभवी मिश्रा, आयुषी सिंह , चांदनी कुमारी, कृतिका कुमारी, ख़ुशी, सोनी, रुचि कुमारी, अनुष्का सोनी, तान्या, लक्ष्मी, आराध्या सोनी, कनिष्क प्रजापति, प्रिशिका सिन्हा, शांभवी कुमारी, पंथ सिंह ने भी शबद गायन किया। दीवान का संचालन श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने किया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में हमारी विरासत, हमारी पहचान विषयक गांव की संस्कृति और परिवेश प्रदर्शित करने के लिए स्कूल के बच्चों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई । स्कूल की प्राचार्या शालिनी विजय ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


