आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में गुरु नानक खालसा कॉलेज फॉर वुमेन की ऊर्जा प्रबंधन टीम ने महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाया। इस अवसर पर ऊर्जा बचत को लेकर व्यावहारिक कदम उठाए गए। कार्यक्रम के तहत कॉलेज परिसर में लगी पुरानी और खराब ट्यूबलाइटों की मरम्मत की गई। जहां मरम्मत संभव नहीं थी, वहां नई ट्यूबलाइटें लगाई गईं, ताकि बिजली की अनावश्यक खपत को रोका जा सके। इस अवसर पर लोगों को ऊर्जा संरक्षण की दिशा में बनाई जा रही नई पहलों, रणनीतियों और योजनाओं की जानकारी दी गई। ऊर्जा की बर्बादी कम करने और संसाधनों के संरक्षण में आम जनता की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा खपत को कम करना और उसके कुशल उपयोग को बढ़ावा देना रहा। कॉलेज प्रशासन ने सभी से दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत अपनाने का आह्वान किया। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मनीता काहलों ने ऊर्जा प्रबंधन टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस का उद्देश्य देश की आम जनता को ऊर्जा बचत के महत्व के प्रति जागरूक करना है, ताकि भविष्य के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।


