गुर्जर आंदोलन में मृतक के आश्रित को मिलेगी अनुकम्पा नौकरी:5 लाख की आर्थिक सहायता के आदेश जारी, विजय बैंसला ने कई बार उठाया था मुद्दा

अति पिछड़ा वर्ग (एमबीसी) के लंबित मुद्दों को लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मुख्यालय में मंत्री अविनाश गहलोत और गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। गुर्जर नेता विजय बैंसला ने लंबित मुद्दों के निस्तारण की मांग उठाई, साथ ही देवनारायण योजना के अन-इम्प्लीमेंट और हॉस्टलों में अव्यवस्थाओं समेत कई अन्य मुद्दे उठाए। UDH विभाग में मिलेगी अनुकम्पा नौकरी बैठक के बाद विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी ने यूडीएच के शासन सचिव को पत्र भेजकर दौसा निवासी रूपनारायण गुर्जर के आश्रित को अनुकम्पा नौकरी एवं आर्थिक सहायता के आदेश जारी किए, जिसमें बताया कि सरकार द्वारा गठित मंत्रीगण समिति की चतुर्थ बैठक 19 नवम्बर को आयोजित की गई थी। इसमें पूर्व की प्रक्रियानुसार आश्रित को स्वायत्त शासन विभाग में नियमानुसार अनुकंपात्मक नियुक्ति व आर्थिक सहायता दिए जाने निर्णय लिया गया था। ऐसे में मृतक रूपनारायण गुर्जर, झीझन के आश्रित को अनुकम्पा नौकरी एवं 5 लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने के संबंध में जिला कलक्टर दौसा से सम्पर्क कर आवश्यक कार्यवाही करावें। बैंसला ने जताया CM का आभार, मांग रखी विजय बैंसला ने एक्स पर लिखा- शहीद रूपनारायण गुर्जर के आश्रित को 5 लाख रुपए मुआवजा व अनुकंपा नियुक्ति देने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार। साथ ही मंत्रिमंडलीय सब-कमेटी के अध्यक्ष मंत्री जोगाराम पटेल एवं सदस्य मंत्री अविनाश गहलोत और मंत्री जवाहर बेढम को धन्यवाद और उम्मीद है कि आप समझौते के बाकी बिंदुओं का भी जल्द निस्तारण करवायेंगे। कई माह से उठा रहे थे मुद्दा गुर्जर आंदोलन के मृतक रूपनारायण गुर्जर निवासी झीझन के आश्रित को नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग पिछले कई माह से उठाई जा रही थी। गुर्जर नेता विजय बैंसला ने पीलूपुरा और पांचोली महापंचायत में भी इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। साथ ही मंत्रिमंडल कमेटी को भी निशाने पर लिया था। मंत्री ने दिए निर्देश बैठक में देवनारायण योजना के तहत अति पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा हुई। विभाग के अतिरिक्त निदेशक ओमप्रकाश मीणा, उप निदेशक जेपी बैरवा, गुर्जर नेता भूरा भगत, विनोद बड़ोली, मोहर सिंह माल सहित संघर्ष समिति के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *