गुलगंज में पीड़ित पर दोबारा हमला, वीडियो आया सामने:पुरानी रंजिश में मारपीट, एसपी से कार्रवाई की मांग

छतरपुर के गुलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित भगवानदास राय ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। भगवानदास राय के अनुसार, यह घटना 27 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे हुई। जब वह अपने खेत पर थे, तभी राजबहादुर सिंह सहित कई लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की धमकी दी और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ महिलाएं और पुरुष डंडे लेकर पीड़ित के घर के बाहर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो पीड़ित परिवार ने घर के अंदर से खिड़की के माध्यम से रिकॉर्ड किया है। पीड़ित ने बताया कि जब उनका भतीजा राजकुमार राय बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। भगवानदास राय का आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं कि यदि उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित परिवार के मुताबिक, पहली घटना के अगले दिन आरोपी फिर उनके घर पहुंचे और दोबारा हमला करने का प्रयास किया। परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। इस दौरान भगवानदास राय के चाचा का हाथ टूट गया और उनके पिता के सीने में गंभीर चोटें आईं। पूजा राय ने बताया कि इन आरोपियों से उनका पहले भी विवाद चल रहा था। उनके भाई जब ट्रैक्टर से खेत से घर लौट रहे थे, तब एक आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया था और दूसरे ने कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस मामले की शिकायत पहले भी थाने में की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आरोपी फोन पर भी जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। भगवानदास राय ने अपने ज्ञापन में जाहर सिंह, किशोर सिंह, बबलू सिंह, छत्रपाल सिंह, प्रीतम सिंह, राजबहादुर सिंह और दीप सिंह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि गुलगंज थाने में शिकायत दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने से वे दहशत में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *