डीग। प्रदेश के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को बृजनगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और सावित्रीबाई फुले जयंती पर ‘शिक्षित समाज’ के निर्माण का मंत्र दिया। शनिवार सुबह मंत्री बेढ़म ने बृजनगर के गांधी पार्क में एक चौपाल का आयोजन किया। उन्होंने कुर्सी-मेजों की औपचारिकता छोड़कर आमजन के बीच बैठकर शहर के विकास पर चर्चा की। स्थानीय नागरिकों ने ड्रेनेज व्यवस्था और सीवरेज लाइन से संबंधित प्रमुख समस्याएं उठाईं। मंत्री बेढ़म ने कहा कि नागरिकों से सीधा संवाद लोकतंत्र की शक्ति है। उन्होंने जनता की समस्याओं को सुनना, समझना और उन्हें प्राथमिकता देना सरकार की कार्यशैली का मूल मंत्र बताया। संवाद के बाद, गृह राज्य मंत्री ने अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों और जल-भराव वाले क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने एक जलमग्न क्षेत्र का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। मंत्री बेढ़म ने अधिकारियों को गंदे पानी की निकासी और सफाई के लिए एक स्थायी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मां सावित्रीबाई फुले: सामाजिक चेतना की प्रणेता- बेढ़म विकास कार्यों का जायजा लेने के उपरांत, गृह राज्य मंत्री समस्त सैनी समाज, बृजनगर द्वारा आयोजित देश की प्रथम महिला शिक्षिका मां सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती और भव्य शोभायात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्य मेहमान सम्मिलित हुए। समारोह में मंत्री बेढ़म ने मां सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि महान समाज सुधारक मां सावित्रीबाई फुले ने नारी शिक्षा, सामाजिक समानता और जागरूकता की जो अलख जगाई, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आह्वान किया कि उनके विचारों को आत्मसात कर एक समतामूलक और शिक्षित समाज का निर्माण करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ये रहे मौजूद इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सैनी समाज के गणमान्य नागरिक, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे, जिन्होंने मंत्री की इस सहज और सक्रिय कार्यशैली की सराहना की।


