भास्कर न्यूज | राजनगर राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरूली में मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को विशाल टुसु मेला का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। मेले का आयोजन विशाल टुूसू मेला समिति गेंगेरूली की ओर से किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी एवं विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो शामिल हुए। समिति की ओर से दोनों अतिथियों का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मेले में आसपास के विभिन्न गांवों से आकर्षक टुसू प्रतिमाएं प्रदर्शनी के लिए लाई गईं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रेम मार्डी ने कहा कि टुूसू पर्व झारखंड की लोकसंस्कृति और परंपरा की आत्मा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि अमोदिनी महतो ने कहा कि टुसू मेला जैसे सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण समाज को एकजुट करते हैं। हमारी कला, संस्कृति और परंपरा ही हमारी असली पहचान है, जिसे बचाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष रविंद्र महतो, सचिव सुभाष महतो, उपाध्यक्ष शशि कुमार महतो सहित चिताई मंडल, अखिलेश महतो, रंजन महतो, दीपक महतो, छुटकू महतो, राजकपूर महतो, सोज आदि सदस्यों का आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान रहा।


