कौशल विकास विभाग और वाणिज्य व उद्योग विभाग ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ स्किल टेक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें उर्वरक, टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सोलर क्षेत्र से कंपनियों ने प्रदेश में 13690 करोड़ के निवेश प्रस्ताव दिए। इससे 12 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में सबसे बड़ा 10500 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने दिया। गेल राजनांदगांव में गैस पाइप लाइन पर आधारित खाद फैक्ट्री लगाएगा। इस परियोजना में राज्य के 3500 लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और तकनीकी व कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी मौजूद थे। गेल के इस प्रस्तावित प्लांट से सालाना 1.27 मिलियन टन यूरिया का उत्पादन होगा।


