गेहूं खरीद की MSP 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय:पंजीकरण 1 फरवरी से, हनुमानगढ़ में 66 केंद्र बनाए गए

हनुमानगढ़ जिले में रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं की सरकारी खरीद 10 मार्च से शुरू होगी। सरकार ने इस सीजन के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 फरवरी से प्रारंभ होगा। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के इच्छुक किसान 1 फरवरी 2026 से 25 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। किसान स्वयं या ई-मित्र के माध्यम से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए अद्यतन जन आधार कार्ड अनिवार्य है। गेहूं बिक्री का भुगतान सीधे जन आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे जिस खाते में भुगतान चाहते हैं, वह जन आधार से अवश्य जुड़ा हो। पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए किसान सरकारी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 पर संपर्क कर सकते हैं। पंजीकृत किसानों को खरीद से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एसएमएस के माध्यम से उनके मोबाइल नंबर पर भेजी जाएंगी। जिले में गेहूं की सरकारी खरीद 10 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक की जाएगी। हनुमानगढ़ जिले में कुल 66 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि पूरे राज्य में 383 क्रय केंद्र कार्य करेंगे। इन केंद्रों की सूची भी विभाग की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। गेहूं खरीद का कार्य भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), राजफेड, तिलम संघ, नाफेड, एनसीसीएफ के साथ-साथ इस वर्ष से राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से भी किया जाएगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बुधवार को श्रमिक संगठनों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *